
कुशीनगर माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के आदेश के अनुपालन में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, कुशीनगर में सहायक लेखाकार के पद पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों से पुनर्नियोजन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी जिला जज एवं अध्यक्ष, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, कुशीनगर द्वारा दी गई।
उन्होंने बताया कि शासन से सेवानिवृत्त ऐसे कर्मी जिनका कार्यकाल संतोषजनक रहा हो तथा जिनके विरुद्ध कोई विभागीय या दंडात्मक कार्यवाही लंबित न हो, वे आवेदन करने के पात्र होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 30 अक्टूबर, 2025 तक अपराह्न 4:00 बजे तक अपने आवेदन पत्र मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, कुशीनगर के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।
पीठासीन अधिकारी /जिला जज ने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मियों की आयु 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए तथा वे किसी एक वर्ष की अवधि के लिए पुनर्नियोजन हेतु पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को उनके कार्यानुभव एवं योग्यता के आधार पर मानदेय दिया जाएगा।
अध्यक्ष, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन-पत्र निर्धारित प्रारूप पर भरने के साथ सेवा पुस्तिका, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), चरित्र प्रमाण पत्र, एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की सत्यापित प्रतियां संलग्न करें। आवेदन पत्र निर्धारित तिथि तक प्राप्त न होने की स्थिति में किसी भी प्रकार का दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2025 में सेवानिवृत होने वाले न्यायालय कमी भी आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। जिला न्यायालय, कुशीनगर के निर्देशानुसार यह प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी।
