

कुशीनगर। जनपद कुशीनगर के विशुनपुरा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जेल से छूटने के बाद एक युवक ने दोबारा अपनी दबंगई और आपराधिक हरकतों से इलाके में दहशत फैला दी। आरोपी युवक मुगरे आलम ने एक किशोरी और उसकी 13 वर्षीय नाबालिग बहन को निशाना बनाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी मुगरे आलम, जो पहले भी छेड़खानी और शोषण के मामले में जेल जा चुका है, जेल से छूटते ही दोबारा सक्रिय हो गया। उसने किशोरी को गन्ने के खेत में जबरन उठाने की कोशिश की। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीण दौड़ पड़े, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
इतना ही नहीं, बाद में आरोपी किशोरी के घर पहुंचा और वहां भी दबंगई दिखाते हुए मारपीट की। इस दौरान उसने पीड़िता की 13 वर्षीय बहन से भी छेड़खानी की, जिससे वह घायल हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नाबालिग को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी मुगरे आलम को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
