
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
दिनांक – 12 दिसम्बर 2025
कुशीनगर में कानून-व्यवस्था को लोहे की तरह मज़बूत रखने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ वर्मा ने बृहस्पतिवार की देर रात हेतिमपुर टोल प्लाज़ा बैरियर पर अचानक औचक निरीक्षण कर दिया। रात का सन्नाटा चीरते हुए पहुंचे एएसपी की गाड़ी देखते ही टोल पर मौजूद स्टाफ और पुलिसकर्मी चौकन्ने हो गए।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने टोल प्लाज़ा से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों की बारीकी से तलाशी कराई। मोटरसाइकिलों से लेकर चार पहिया और मालवाहक ट्रकों तक—किसी को भी बिना जांच छोड़ने का मौका नहीं मिला। कई संदिग्ध व्यक्तियों से सख्त लहजे में पूछताछ की गई और उनकी गतिविधियों को ध्यानपूर्वक परखा गया।
एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को रात्रि गश्त और चौकसी में किसी भी तरह की ढिलाई न बरतने की कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधियों की गतिविधियों पर “लोहे की दीवार” की तरह रोक लगानी ही होगी, चाहे रात कितनी भी गहरी क्यों न हो। रात्रि में होने वाली चोरी, लूट या अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए अधिक सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि टोल प्लाज़ा संवेदनशील प्वाइंट है, इसलिए यहां तैनात पुलिसकर्मी हर गुजरने वाले वाहन को संदेह के पैमाने पर परखें। गाड़ी, व्यक्तियों और सामान की गहन जांच ही अपराध पर अंकुश का सबसे प्रभावी तरीका है।
रात में एएसपी की इस दबंग कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्म है। लोगों का कहना है कि ऐसी फुर्ती और सख्ती बनी रहे तो अपराधियों की “रात की बादशाहत” खत्म होना तय है। कुशीनगर पुलिस की यह मुहिम साफ बताती है—“जो भी कानून तोड़ेगा, रात ही में पकड़ा जाएगा।”




