
विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर
दिनांक – 13 नवम्बर 2025
कुशीनगर। थाना कप्तानगंज क्षेत्र के चौकी मंसूरगंज अन्तर्गत ग्राम लक्ष्मीपुर में बुधवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के ही कुछ युवकों ने राहुल उर्फ काजू (उम्र लगभग 28 वर्ष) पुत्र खुशहाल पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि हमला किसी शादी को लेकर हुए विवाद के चलते किया गया।
सूत्रों के अनुसार, राहुल की अपने ही गांव के सुमंत पुत्र शुभकरन तथा तीन अन्य युवकों से कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर सुमंत एवं उसके साथियों ने अचानक राहुल पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राहुल को परिजन आनन-फानन में बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर ले गए, जहां इलाज के दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कप्तानगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। वहीं, मृतक के परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
क्षेत्र में किसी भी तरह की अशांति न फैले, इसके लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मौके पर क्षेत्राधिकारी कसया श्री कुन्दन कुमार सिंह ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बताया कि “घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”
गांव में घटना के बाद से मातम छाया हुआ है, वहीं लोग यह सवाल भी उठा रहे हैं कि आखिर कब तक छोटी-छोटी कहासुनियों में निर्दोष लोगों की जानें जाती रहेंगी। पुलिस की तत्परता से फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।
रिपोर्ट — अमित कुमार कुशवाह, विलेज फास्ट टाइम्स, तमकुहीराज, कुशीनगर
