
कुशीनगर। जनपद के कोतवाली पडरौना थाना क्षेत्र के खिरिया टोला गांव से दहेज प्रताड़ना का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहां एक नवविवाहिता ने अपने ससुरालियों पर छत से फेंक कर हत्या का प्रयास करने और मायके वालों को घर में बंद कर बेरहमी से पीटने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता कशिश यासमीन पत्नी सुहेल अंसारी, निवासी खिरिया टोला थाना कोतवाली पडरौना ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व उसकी शादी सुहेल अंसारी पुत्र सबीर से हुई थी। शादी के बाद से ही पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। मायके वालों को मजबूरी में डेढ़ लाख रुपये देना पड़ा, जिसका ट्रांजेक्शन सबूत मौजूद है।
आरोप है कि इसके बाद भी ससुरालियों ने एक लाख रुपये और की मांग शुरू कर दी। जब पीड़िता और उसके मायके वालों ने पैसा देने से इंकार कर दिया तो दिनांक 29 अगस्त 2025 की सुबह लगभग 11:30 बजे सभी आरोपी उसे छत पर ले गए और नीचे फेंकने का प्रयास किया। किसी तरह सीढ़ी पकड़कर गिरने से वह अपनी जान बचा सकी, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की जानकारी पर 30 अगस्त की शाम करीब 7 बजे उसकी दो बहनें और एक नाबालिग भाई हालचाल जानने पहुंचे। इस पर नाराज होकर ससुरालियों ने पीड़िता समेत मायके वालों को घर में बंद कर बेरहमी से मारपीट किया, जिससे एक बहन बेहोश हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी असामाजिक तत्वों के साथ उठना-बैठना करते हैं और लगातार जान से मारने की धमकी देते रहते हैं।
पीड़िता ने थाना कोतवाली पडरौना पुलिस से आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की मांग की है।

