
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
कुशीनगर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत आज दिनांक 29 अक्टूबर 2025 को जनपद के एस.डी.एस. इंटर कॉलेज में एक प्रभावशाली जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन HEW टीम डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने किया, जिन्होंने घरेलू हिंसा और दहेज उन्मूलन जैसे गंभीर सामाजिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि दहेज प्रथा और हिंसा न केवल समाज को कमजोर करती है बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान को भी ठेस पहुँचाती है।
इस दौरान जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती प्रीति सिंह ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं — जैसे विधवा पेंशन, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना आदि — की जानकारी दी। वहीं, श्रीमती बन्दना कुशवाहा, जेंडर स्पेशलिस्ट ने महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा हेतु जारी हेल्पलाइन नंबरों — 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (वन स्टॉप सेंटर), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112, 108, 102 — की उपयोगिता पर प्रकाश डाला और इनके त्वरित लाभों के बारे में बताया।
कार्यक्रम के दौरान जागरूकता पम्पलेट भी वितरित किए गए, जिससे छात्र-छात्राओं को इन योजनाओं की गहराई से जानकारी मिली।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक सिद्धार्थ गौतम, संजय श्रीवास्तव, अंकित सिंह, शशिकांत मिश्र, काजल मिश्रा, सोनी भारती, गुलाब यादव सहित लगभग 175 छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने न केवल समाज में जागरूकता की नई लहर पैदा की, बल्कि युवा पीढ़ी में समानता, सुरक्षा और स्वावलंबन की भावना को भी मजबूत किया।
