


विदेशी पक्षियों को देख रोमांचित हुए छात्र, जागरूकता व प्रतियोगिताओं ने बढ़ाई पर्यावरणीय समझ
02 फरवरी | विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
वर्ल्ड वेटलैंड डे (02 फरवरी) के अवसर पर कुशीनगर जनपद के मनीताल खोटही वेटलैंड क्षेत्र में वन विभाग, पर्यावरण विभाग एवं नमामि गंगे अभियान के संयुक्त तत्वावधान में भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वेटलैंड संरक्षण के प्रति जनमानस, विशेषकर छात्रों में जागरूकता उत्पन्न करना रहा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को वेटलैंड क्षेत्र का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने प्रवासी एवं विदेशी पक्षियों को नजदीक से देखा। पक्षियों की प्रजातियों, उनके आवास और जैव विविधता में उनकी भूमिका की जानकारी पाकर छात्र उत्साहित नजर आए।
जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकला एवं संभाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण, वेटलैंड की उपयोगिता और जैव विविधता जैसे विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।
इसके साथ ही छात्रों को मियां बाकी पद्धति से विकसित पौधारोपण क्षेत्र का भी भ्रमण कराया गया, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। अधिकारियों ने बताया कि यह पद्धति पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण विस्तार एवं जल संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत प्रभावी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूएनपीजी कॉलेज पडरौना के डॉ. आनंद ओझा ने कहा कि वेटलैंड जैव विविधता के संरक्षण की रीढ़ हैं और इनके संरक्षण से पर्यावरण संतुलन बना रहता है। क्षेत्रीय वनाधिकारी कसया जयंत कुमार राणा ने कहा कि वेटलैंड संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र का आधार हैं, जिनके संरक्षण में समाज की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है। क्षेत्रीय वनाधिकारी पडरौना अशोक कुमार यादव ने छात्रों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। डीपीओ जिला गंगा समिति नम्रता भट्ट ने बताया कि नमामि गंगे अभियान के तहत वेटलैंड संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
चित्रकला प्रतियोगिता में नित्या बरनवाल ने प्रथम, प्रीतिका पांडे ने द्वितीय तथा आकृति बरनवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं संभाषण प्रतियोगिता में नित्या बरनवाल प्रथम, शबाना द्वितीय एवं प्रीतिका तृतीय रहीं।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान खोटही रामदेव प्रसाद, प्रधानाध्यापक भोला कुशवाहा, वन दरोगा रामध्यान पांडे, राजेश चौधरी, वनरक्षक संदीप पटेल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
