
26 नवम्बर – विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
कुशीनगर जनपद में आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को लोगों तक पूरी प्रभावशीलता के साथ पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक माह का विशेष अभियान शुरू कर दिया है। 25 नवम्बर 2025 से 25 दिसम्बर 2025 तक चलने वाले इस ‘आयुष्मान गोल्डन कार्ड महाअभियान’ को लेकर विभाग पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतर चुका है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. चंद्र प्रकाश ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन, चिकित्सा अनुभाग-1, लखनऊ से प्राप्त नए निर्देशों के अनुपालन में यह विशेष अभियान जनहित में शुरू किया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में अभी भी बड़ी संख्या में ऐसे पात्र परिवार हैं, जिनके कुछ सदस्यों के कार्ड बने हैं, जबकि कई सदस्य अब भी योजना के लाभ से वंचित हैं। यही वजह है कि शासन ने इस अभियान को अत्यंत महत्वपूर्ण मानते हुए सभी पात्र सदस्यों का कार्ड बनवाना अनिवार्य कर दिया है।
सीएमओ ने बताया कि इस बार अभियान में विशेष रूप से 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों पर खास ध्यान दिया जाएगा। ऐसे वरिष्ठ नागरिकों का ऑन–स्पॉट पंजीकरण कर तुरंत कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें इलाज में किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने जिले के सभी विभागों—जैसे पंचायती राज, नगर निकाय, ग्राम पंचायतें, स्वास्थ्य इकाइयाँ, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं राजस्व विभाग—को निर्देश दिया है कि इस अवधि में जागरूकता अभियान, ग्राम/वार्ड स्तरीय शिविर, तथा पात्र परिवारों के दस्तावेजों का सत्यापन व अपडेट तेजी से किया जाए। सीएमओ ने साफ कहा कि लक्ष्य सिर्फ कार्ड बनाना नहीं, बल्कि हर पात्र व्यक्ति को स्वास्थ्य सुरक्षा की ढाल देना है।
जनपद स्तर पर प्रशासन ने टीमों का गठन कर दिया है, और गांव-गांव में शिविर लगाए जाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। इन शिविरों में लाभार्थियों के आधार, राशन कार्ड, मोबाइल नंबर और परिवार के अन्य दस्तावेजों का परीक्षण कर मौके पर ही कार्ड बनाने की व्यवस्था की जा रही है।
इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिला पंचायतराज अधिकारी तथा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों को विशेष निर्देश जारी किए हैं कि BIS ऑपरेटर आईडी बनवाने हेतु निर्धारित प्रारूप पर जरूरी सूचना तत्काल उपलब्ध कराएं, ताकि कार्ड निर्माण का कार्य बाधित न हो।
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी है। गांवों में ढोल-नगाड़े से आनाउंसमेंट, मोबाइल वैन, पोस्टर-बैनर, स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बैठकों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उद्देश्य सिर्फ एक है—कुशीनगर में कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान कार्ड से वंचित न रह जाए।
विलेज फास्ट टाइम्स की अपील
यदि आप या आपके परिवार का कोई सदस्य अब तक आयुष्मान कार्ड से वंचित है, तो निकटतम शिविर में जाकर जल्द से जल्द कार्ड बनवाएं और पांच लाख रुपये तक की मुफ्त चिकित्सा सुविधा का लाभ उठाएं।
यह अभियान जनपद के लाखों लोगों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच साबित होगा।
