
विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर
दिनांक – 14 नवम्बर 2025
तमकुहीराज से अमित कुमार कुशवाह की खास रिपोर्ट
तमकुहीराज। जनपद कुशीनगर के थाना तमकुहीराज क्षेत्र के ग्राम बहिराबारी में जमीनी विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। दो पट्टीदारों के बीच लंबे समय से चल रहे तनाव ने 13 नवंबर को हिंसक रूप धारण कर लिया, जिसके दौरान राकेश आर्य पुत्र राज कोकिल आर्य की मौत हो गई। इस गंभीर घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया और पुलिस पर त्वरित कार्रवाई का दबाव बढ़ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के बाद थाना तमकुहीराज में मु0अ0स0 386/2025 धारा 103(1)/115(2)/352/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए—लगातार प्रयासों के बाद—सिर्फ 24 घंटों के भीतर हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो पुरुष और एक महिला अभियुक्त शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में
रंजीत आर्या पुत्र छोटेलाल
छोटेलाल पुत्र स्व. दुखी
मिकी आर्या पुत्री छोटेलाल
(सभी निवासी – बहिराबारी, थाना तमकुहीराज)
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर आलाकत्ल (चाकू) बरामद किया, जो इस हत्याकांड में प्रयुक्त होने की पुष्टि की जा रही है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए हैं, जिनके आधार पर घटना से जुड़े कई अहम बिंदु सामने आने की संभावना है।
इस सराहनीय सफलता में थानाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार साहनी, उ.नि. महेश मिश्रा, उ.नि. जितेन्द्र कुमार, हेड कां. रामअनुज, कां. रविशेख प्रजापति, कां. पंकज प्रजापति तथा महिला कां. अनिता तिवारी व स्वेता मिश्रा शामिल थीं। टीम की तत्परता और चौकसी की ग्रामीणों में प्रशंसा हो रही है।
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है, ताकि इस विवाद के पीछे के कारणों और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी मिल सके। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आगे की विधिक कार्यवाही तेज गति से की जा रही है।
ग्राम बहिराबारी में वारदात के बाद तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस सतर्कता बढ़ाए हुए है। ग्रामीणों ने भी पुलिस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है और न्याय की उम्मीद जताई है।
