
20 दिन में दो पिकअप चोरी, पुलिस गश्त सिर्फ कागज़ों में?
विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा बांसगांव इन दिनों अपराधियों के लिए किसी खुले खेल के मैदान से कम नहीं रह गया है। बीते 20 दिनों के भीतर दो पिकअप वाहनों की चोरी ने न सिर्फ ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है, बल्कि स्थानीय पुलिस की रात्रि गश्त और अपराध नियंत्रण व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद चोरों में कानून का कोई डर दिखाई नहीं दे रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि रात होते ही पूरा इलाका भगवान भरोसे छोड़ दिया जाता है, जिससे चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना 30 नवंबर 2025 की है, जब ग्राम बांसगांव टोला सरगटिया निवासी गुल मोहम्मद पुत्र स्वर्गीय हजरत अली के दरवाजे से अज्ञात चोरों ने पिकअप वाहन चोरी कर लिया। पीड़ित द्वारा थाने में शिकायत देने के बावजूद न तो वाहन बरामद हुआ और न ही चोरों पर कोई ठोस कार्रवाई नजर आई।
इसी ढिलाई का फायदा उठाते हुए चोरों ने पुलिस को सीधी चुनौती देते हुए 17 दिसंबर 2025 की रात दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम दिया। ग्राम सभा बांसगांव खास निवासी सरवन पुत्र सुदामा की पिकअप (संख्या – UP 53 … 8023) रात के अंधेरे में चुरा ली गई। सुबह जब पीड़ित को घटना की जानकारी हुई, तो गांव में हड़कंप मच गया।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस गश्त सक्रिय होती, तो चोरों के हौसले इतने बुलंद न होते। ग्रामीणों ने साफ कहा कि अब बांसगांव में वाहन खड़ा करना मतलब चोरों को खुला न्योता देना हो गया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी वरिष्ठ उप निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और टीम बनाकर जांच की जा रही है। हालांकि सवाल यह है कि क्या यह कार्रवाई जमीन पर भी दिखाई देगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?
अब निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं — क्या बांसगांव को चोरों के आतंक से मुक्ति मिलेगी या अपराधी यूं ही पुलिस को चुनौती देते रहेंगे?
