
कुशीनगर में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक अजय कुमार उर्फ लालू ने आज कुशीनगर जिलाधिकारी से मुलाकात कर तहसील तमकुहीराज के दुदही ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा अमवा खास के बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिए न्याय की मांग उठाई।
अजय लल्लू ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि वर्ष 1952 की भयंकर बाढ़ में अमवा खास ग्राम सभा के दर्जनों परिवारों ने अपना घर-बार खो दिया था। तत्कालीन प्रशासन ने उन्हें विस्थापित कर ग्राम सभा दशहवां के धोबीघटवा में बसाया, जहां वे पिछले कई दशकों से रह रहे हैं। इन विस्थापित परिवारों के पास परिवार रजिस्टर, राशन कार्ड, वोटर कार्ड, आधार कार्ड सहित सभी सरकारी दस्तावेज मौजूद हैं, जो उनकी स्थायी निवासिता का प्रमाण देते हैं।
लेकिन हाल के वर्षों में कुछ लोगों द्वारा कुचक्र रचकर इस जमीन पर कब्जे की साजिश रची गई और फर्जी तरीके से घुसियान करवा लिया गया। इसके चलते बाढ़ पीड़ित परिवारों के परिजनों को लगातार प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है।
अजय लल्लू ने स्पष्ट कहा कि “यह प्रताड़ना किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। बाढ़ पीड़ितों को उनके हक से वंचित करने की कोशिश निंदनीय है और प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।”
जिलाधिकारी कुशीनगर ने इस संबंध में आश्वस्त किया कि वे स्वयं निरीक्षण कराएंगे और मामले का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करेंगे, ताकि दशकों से यहां रह रहे विस्थापित परिवारों को न्याय मिल सके।
इस मौके पर अजय कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव पीड़ितों, शोषितों और वंचितों की आवाज बनेगी और विस्थापितों को उनका अधिकार दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा।


