
विलेज फास्ट टाइम्स | विशेष संवाददाता, कुशीनगर
दिनांक: 18.01.2026
जनपद कुशीनगर में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना बरवापट्टी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आज संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक अभियुक्त को 02 पेटी अवैध देशी शराब एवं एक मोटरसाइकिल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के लिए सख़्त चेतावनी मानी जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अंकुश कुमार तिवारी पुत्र तारकेश्वर तिवारी, निवासी ठकरहा, थाना ठकरहा, जिला पश्चिमी चम्पारण (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक बोरी में रखी 02 पेटी में कुल 90 अदद “बंटी बबली” अवैध देशी शराब (प्रत्येक 200 एमएल) तथा एक मोटरसाइकिल वाहन संख्या BR22AU2194 बरामद की है।
बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना बरवापट्टी पर मु0अ0सं0 007/2026 धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन व बिक्री पर पूरी सख़्ती से अंकुश लगाया जाएगा और किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
यह कार्रवाई थानाध्यक्ष श्री दिनेश कुमार के नेतृत्व में उ0नि0 गौतम कुमार, कांस्टेबल नसीम खान एवं कांस्टेबल कमलेश कुमार की टीम द्वारा की गई। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और तेज की जा रही है, ताकि बिहार से होने वाली अवैध तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
जनपद पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के लिए कुशीनगर की धरती सुरक्षित नहीं है। अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

