
विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर
दिनांक: 05 अप्रैल 2026
कुशीनगर जनपद में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना कसया पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अनैतिक देह व्यापार के संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। क्षेत्राधिकारी कसया के कुशल नेतृत्व में दिनांक 04 अप्रैल 2026 को कस्बा कसया स्थित पड़रौना रोड पर बालवाड़ी स्कूल के सामने एक मकान में छापेमारी कर पुलिस टीम ने मौके से 02 पुरुष एवं 03 महिलाओं सहित कुल 05 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में लंबे समय से संचालित अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसा गया है। मौके से 04 एंड्रॉयड मोबाइल, 01 कीपैड मोबाइल, 870 रुपये नकद, भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जो इस अवैध धंधे के संचालन में प्रयुक्त हो रही थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मुन्ना अंसारी उर्फ असमुद्दीन निवासी पिपरा बाजार थाना नेबुआ नौरंगिया तथा रविन्द्र राय निवासी बरवा सुखदेव थाना तुर्कपट्टी शामिल हैं, जबकि तीन अन्य महिलाओं को भी हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में थाना कसया पर मु0अ0सं0 00198/2026 धारा 3/4/5/7 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी कुन्दन कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह, उपनिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं आमजन में पुलिस की सक्रियता को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध नजर आ रहा है।
