
विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर
दिनांक – 20.01.2026 | थाना – खड्डा
जनपद कुशीनगर पुलिस ने अन्तरजनपदीय शराब तस्करी गिरोह पर बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से बिहार ले जायी जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब व बीयर बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ वर्मा तथा क्षेत्राधिकारी खड्डा श्री बीरेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
दिनांक 19 जनवरी 2026 को थाना खड्डा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप गाड़ी में अवैध शराब की बड़ी खेप बिहार ले जायी जा रही है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए प्रभारी निरीक्षक श्री गिरिजेश उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी में पिकअप से कुल 290 पेटी अवैध देशी शराब ‘बंटी बबली’ व ‘रोमियो राजा गोल्ड’ तथा 150 पेटी अवैध बीयर विभिन्न ब्रांड की बरामद की गई। बरामद सामग्री व वाहन की अनुमानित कीमत लगभग 21 लाख रुपये आंकी गई है।
मौके से अभियुक्त प्रदीप निषाद पुत्र तुफानी निषाद, निवासी नौतार जंगल, थाना हनुमानगंज, जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध थाना खड्डा पर मु0अ0सं0-008/26 धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
बरामदगी में एक सफेद रंग की पिकअप संख्या UP57BT1361 के साथ 205 पेटी बंटी बबली (25%), 50 पेटी बंटी बबली (28%), 35 पेटी रोमियो राजा गोल्ड (36%) तथा 100 पेटी किंगफिशर एक्स्ट्रा स्पेशल, 40 पेटी बडवाइज़र मैग्नम और 10 पेटी हेयबर्ड्स 5000 बीयर शामिल हैं।
इस साहसिक कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्री गिरिजेश उपाध्याय, उपनिरीक्षक अखिलेश यादव, उपनिरीक्षक विकास यादव, कांस्टेबल अवनीश दूबे व कांस्टेबल उमेश यादव शामिल रहे।
कुशीनगर पुलिस की यह कार्रवाई न केवल अवैध शराब तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार है, बल्कि अपराधियों के लिए सख्त संदेश भी है कि जनपद में गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई होती रहेगी।



