
विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर | 08 मार्च 2026
जनपद कुशीनगर में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत विशुनपुरा पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चल रहे सख्त रुख का संकेत माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद भर में वांछित एवं वारंटी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को थाना विशुनपुरा पुलिस टीम ने मु0अ0सं0 55/2026 से संबंधित मामले में दो वांछित आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(1), 351(3) और 115(2) के तहत गंभीर आरोप दर्ज हैं, जिनमें सामूहिक दुष्कर्म जैसी जघन्य वारदात भी शामिल है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अक्षय यादव पुत्र राजेश यादव निवासी पड़रौन मड़ुरही थाना विशुनपुरा तथा मृत्युंजय गुप्ता पुत्र बनतीलाल गुप्ता निवासी भटवलिया नंबर-01 थाना तमकुहीराज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहे थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश में दबिश दे रही थी।
सूत्रों की मानें तो पुलिस की सघन तलाश और खुफिया सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को हर हाल में कानून के कटघरे में लाया जाएगा।
हालांकि जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने की बात प्रशासन लगातार करता रहा है, लेकिन ऐसे गंभीर मामलों का सामने आना कई सवाल भी खड़े करता है। महिला सुरक्षा को लेकर सरकारी दावे और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर अक्सर ऐसी घटनाओं में साफ दिखाई देता है।
फिलहाल विशुनपुरा पुलिस की इस कार्रवाई से यह संदेश जरूर गया है कि अपराध कर फरार हो जाना अब आसान नहीं है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक जुगेश कुमार आनंद, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र वर्मा, कांस्टेबल विपिन द्विवेदी तथा कांस्टेबल नरेन्द्र यादव शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यदि इस प्रकरण में अन्य किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
