
कुशीनगर। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक शिकायतकर्ता ने पुलिस पर अपराधियों से मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरोज सिंह नामक व्यक्ति ने दिनांक 28 जून 2025 को थाना कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक को लिखित शिकायत पत्र देकर अपने ऊपर हुए प्राणघातक हमले की सूचना दी थी।
शिकायतकर्ता सरोज सिंह का आरोप है कि उन्होंने इस घटना की जानकारी तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक को देने के साथ-साथ उच्च अधिकारियों को भी मोबाइल नंबर 8009192493 से फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी थी। इसके बावजूद, मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से न की जाकर उसे दबाने का प्रयास किया गया।
सरोज सिंह का आरोप है कि थाना प्रभारी चंद्रभूषण प्रजापति ने कथित रूप से कुख्यात अपराधियों और अंतरराष्ट्रीय तस्करों से मोटी रकम घूस लेकर फर्जी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को प्रेषित की है। इस कार्रवाई को लेकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई है और कहा है कि इससे न केवल कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह लगता है बल्कि पीड़ित पक्ष को न्याय से वंचित करने का प्रयास भी प्रतीत होता है।
पीड़ित ने मांग की है कि इस गंभीर प्रकरण की जांच किसी ईमानदार और उच्च स्तर के अधिकारी से कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह पुलिस तंत्र पर गहरी चोट होगी और इससे अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे। वहीं, मामले को लेकर जिले में चर्चाओं का दौर जारी है। अब देखना यह होगा कि वरिष्ठ अधिकारी इस प्रकरण पर क्या कदम उठाते हैं और क्या सरोज सिंह को न्याय मिल पाता है या नहीं।
(कुशीनगर संवाददाता)
