

विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से खास रिपोर्ट
जनपद कुशीनगर में अपराधियों के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी और निर्णायक सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना रविन्द्रनगर धूस पुलिस टीम ने अन्तरजनपदीय वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो कुख्यात वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद कर क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह की कमर तोड़ दी है।
दिनांक 17 दिसम्बर 2025 को की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जितेन्द्र साहनी पुत्र लाठी उर्फ तुफानी, निवासी चैनपुर थाना कोठीभार जनपद महराजगंज तथा कलीम अंसारी पुत्र रियाजुद्दीन अंसारी, निवासी सिसवा मठिया थाना रविन्द्रनगर धूस जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह कुशीनगर, गोरखपुर, महराजगंज और बिहार के भीड़-भाड़ वाले इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें नेपाल व अन्य स्थानों पर बेच देता था।
बरामद मोटरसाइकिलों में यामाहा FZS, बजाज CT-100, HF डीलक्स तथा हीरो स्प्लेंडर प्लस शामिल हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध थाना रविन्द्रनगर धूस में मु0अ0सं0-205/2025 के तहत बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्य अभियुक्त जितेन्द्र साहनी का आपराधिक इतिहास बेहद संगीन है, जिस पर चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित 19 मुकदमे दर्ज हैं।
इस साहसिक कार्रवाई में थाना रविन्द्रनगर धूस पुलिस एवं स्वाट टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कड़क कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है और आम जनता ने राहत की सांस ली है। कुशीनगर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अपराधी चाहे कितने भी शातिर क्यों न हों, कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएंगे।
