


कुशीनगर। थाना रामकोला क्षेत्र में हुई छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 64,840 रुपये नगद, चार मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन और सीओ खड्डा श्री उमेश चंद्र भट्ट के पर्यवेक्षण में की गई।
घटना 13 अक्टूबर 2025 की है, जब वादी मुस्तफा पुत्र स्व. रहीम निवासी थाना रामकोला ने बताया कि बैंक से एक लाख रुपये निकालकर लौटते समय कुछ लोगों ने बातों में उलझाकर उनसे रुपये छीन लिए और फरार हो गए। मामले में थाना रामकोला पर मु.अ.सं. 493/2025 दर्ज हुआ। घटना के त्वरित अनावरण के लिए थाना रामकोला पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त टीम गठित की गई, जिन्होंने अथक प्रयासों से गिरोह के चार सदस्यों — मोहम्मद अली अख्तर, विनोद महतो, राजेश महतो व अर्जुन प्रसाद — को बिहार के प. चम्पारण जिले से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो बैंकों से पैसे निकालकर लौट रहे लोगों को निशाना बनाता है। ये लोग सुनसान रास्तों पर पीड़ितों को बातों में उलझाकर या डराकर रुपये छीन लेते थे। अभियुक्तों ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने कुशीनगर के सेवरही, विशुनपुरा और पटहेरवा थाना क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की घटनाओं को अंजाम दिया है।
पुलिस ने बरामदगी में 64,840 रुपये नगद, चार मोबाइल फोन (दो एंड्रॉयड, दो कीपैड) और तीन मोटरसाइकिल — होंडा साइन एसपी (BR 22 BL 9679), हीरो स्प्लेंडर प्लस (BR 22 AY 1714) व एक बिना नंबर की होंडा साइन एसपी — जब्त की हैं।
अभियुक्तों में राजेश महतो पर पहले से छह गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास जैसी धाराएं शामिल हैं। अन्य अभियुक्तों पर भी बिहार में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक राजप्रकाश सिंह (थाना रामकोला) व प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह (स्वाट टीम) के नेतृत्व में पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा। टीम में उपनिरीक्षक अनिल यादव, उपेंद्र यादव, दिनेश यादव, हेड कांस्टेबल सनातन सिंह, वीरेंद्र कुमार, रंजीत यादव, चंद्रशेखर यादव व राहुल सिंह शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्रवाई अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास स्थापित करने का उदाहरण है। जिले में ऐसे गिरोहों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रामकोला पुलिस की बड़ी सफलता!
छिनैती कांड का खुलासा, चार अभियुक्त गिरफ्तार — 64,840 रुपये नगद, तीन बाइक व चार मोबाइल बरामद, सीओ खड्डा उमेश चंद भट्ट ने दी जानकारी।
