
विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर
दिनांक – 10 नवम्बर 2025
जनपद कुशीनगर में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पटहेरवा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित ₹25,000 के इनामी अभियुक्त नाजिम पुत्र भूरा निवासी बगीचे छोटे मियां थाना गंज, जनपद रामपुर (उ.प्र.) को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी नाजिम के विरुद्ध विभिन्न जिलों में कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आज पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास चौंकाने वाला है। उस पर गैंगेस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आयुध अधिनियम के तहत पाँच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से थाना पटहेरवा का मुकदमा संख्या 122/2024 धारा 3(1) यूपी गैंगेस्टर एक्ट में वह वांछित और इनामी घोषित था।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त संगठित अपराध से जुड़ा हुआ है और अवैध गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराधी तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
गिरफ्तारी टीम में शामिल रहे:
थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सच्चिदानंद सिंह यादव, कांस्टेबल आनंद कुमार यादव और अमित कुमार थाना पटहेरवा कुशीनगर।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों पर नकेल कसने की यह कार्रवाई अभियान का हिस्सा है। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
(रिपोर्ट: विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर)
