
23 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
उत्तर प्रदेश दिवस–2026 एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के अवसर पर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद कुशीनगर में शुक्रवार को युद्धकालीन आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से ब्लैक आउट एवं एयर रेड (Air Raid & Civil Defence) मॉक ड्रिल का प्रभावशाली आयोजन किया गया। यह अभ्यास सायं 06:00 बजे से 06:45 बजे तक पडरौना स्थित सुभाष चौक (ब्लैक आउट स्पॉट) पर किया गया, जिसमें प्रशासनिक तत्परता, विभागीय समन्वय और नागरिक सहभागिता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य युद्ध अथवा आपात स्थिति में आगजनी, बमबारी, भगदड़, सी.बी.आर.एन. (केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एवं न्यूक्लियर) प्रभाव जैसी बहु-आपदाओं से बचाव के लिए जनसामान्य को जागरूक करना, आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का परीक्षण करना तथा जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन इकाई और नागरिक सुरक्षा बलों की तैयारियों का यथार्थ मूल्यांकन करना रहा।
अभ्यास के दौरान सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी गई, जिसके तत्काल बाद निर्धारित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित कर पूर्ण ब्लैक आउट किया गया। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों व शेल्टरों में पहुंचने का अभ्यास कराया गया। इसके पश्चात अग्निशमन विभाग द्वारा आग बुझाने की कार्रवाई, बम निरोधक दस्ते द्वारा संदिग्ध वस्तुओं की जांच, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा प्राथमिक उपचार, ध्वस्त भवनों से फंसे लोगों का रेस्क्यू तथा एम्बुलेंस के माध्यम से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का सजीव और अनुशासित प्रदर्शन किया गया। मॉक ड्रिल के समापन पर “ऑल क्लीयर” सायरन बजाकर अभ्यास समाप्त होने की घोषणा की गई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी पडरौना सहित स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत, परिवहन, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सूचना विभाग, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केन्द्र, स्काउट-गाइड, नगर निकाय तथा स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय सहभागिता रही।
प्रशासन की दो टूक अपील जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि भविष्य में इस प्रकार की मॉक ड्रिल के दौरान घबराएं नहीं, इसे केवल अभ्यास के रूप में लें और प्रशासन व सुरक्षा एजेंसियों को पूरा सहयोग प्रदान करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऐसी तैयारियां जनसुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और किसी भी आपात स्थिति में जनपद पूरी तरह सतर्क व सक्षम है।







