
कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बैकुंठपुर कोठी गांव में बुधवार को मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चलने लगे। इस मारपीट में एक ही परिवार की चार महिलाएं व बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घायल सरिता देवी (45) पत्नी स्वामीनाथ, गुड़िया (20) पुत्री स्वामीनाथ, सपना (16) पुत्री स्वामीनाथ और सचिन (8) पुत्र स्वामीनाथ पर विपक्षी पक्ष ने जमकर हमला कर दिया। मारपीट में सरिता देवी का सिर फट जाने से वह मौके पर ही बेहोश हो गईं। गुड़िया की बांह टूट गई जबकि सपना के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हैरान करने वाली बात यह रही कि इस झगड़े में आठ वर्षीय मासूम सचिन को भी डंडों से पीटा गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवार का आरोप है कि हमले के दौरान विपक्षियों ने महिला का मंगलसूत्र भी छीन लिया।
विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब स्वामीनाथ के घर से उड़कर एक कागज का टुकड़ा विपक्षी पक्ष के घर चला गया। सुबह इसको लेकर कहासुनी हुई थी, जिसे समझा-बुझाकर सुलझा लिया गया। लेकिन दोपहर बाद बात फिर बढ़ गई और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे।
वहीं, इस मामले में विपक्षी पक्ष के कपिल मद्देशिया ने आरोप लगाया कि स्वामीनाथ का परिवार बीते शनिवार से ही जानबूझकर उनके दरवाजे पर प्लास्टिक व कचरा फेंक रहा था और मना करने पर गाली-गलौज करने लगा। आज भी उन्होंने उनके अमरूद के पेड़ को क्षति पहुंचाई, जिसके बाद विवाद हिंसक हो गया।
घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही विशुनपुरा पुलिस ने कपिल मद्देशिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
