
कुशीनगर। जनपद में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस को शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली। थाना कोतवाली पडरौना पुलिस ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मुकदमा संख्या 403/2025 धारा 69 बीएनएस से संबंधित आरोपी किशन प्रसाद पुत्र उमाकांत प्रसाद निवासी कटहरिया, थाना तमकुहीराज, जनपद कुशीनगर लंबे समय से फरार चल रहा था। मामले में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली पडरौना पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, उपनिरीक्षक आकाश वर्मा, मुख्य आरक्षी रामदरश चौहान आदि मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में फरार वांछित अभियुक्तों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है।
