
विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर
दिनांक – 20.11.2025
कुशीनगर में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला मामला सामने आते ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश की लहर दौड़ गई। बता दें कि एक आपत्तिजनक पोस्ट, जिसमें हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी की गई थी, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रही थी। मामला पुलिस के संज्ञान में आते ही तत्काल हरकत में आकर थाना विशुनपुरा पुलिस ने कठोर कार्रवाई शुरू कर दी।
सूचना की पुष्टि होते ही थाना विशुनपुरा में मु0अ0सं0 416/2025 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। धार्मिक असहिष्णुता फैलाने के गंभीर प्रयास के इस प्रकरण को पुलिस ने संवेदनशील मानते हुए बिना समय गंवाए टीम गठित की। दबिशों का सिलसिला शुरू हुआ और कुछ ही घंटों में पुलिस ने मामले का मुख्य आरोपी हबीबुल्ला पुत्र खलील, निवासी पडरौन मडुरही, थाना विशुनपुरा, को धर-दबोचा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी द्वारा की गई टिप्पणी जानबूझकर साम्प्रदायिक तनाव उत्पन्न करने की नीयत से की गई थी। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल तथा डिजिटल साक्ष्यों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और चेतावनी दी है कि धार्मिक भावनाओं से छेड़छाड़ करने वालों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
थाना विशुनपुरा पुलिस का कहना है कि किसी भी प्लेटफॉर्म पर धार्मिक विद्वेष फैलाने वाली गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी पोस्ट की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि माहौल सौहार्दपूर्ण बना रहे।
