

कुशीनगर। छठ महापर्व को लेकर जिले में तैयारियाँ चरम पर हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बड़ा निर्णय लेते हुए जनपद कुशीनगर में 28 अक्टूबर 2025 (परायण) को स्थानीय सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। पहले यह अवकाश 29 अक्टूबर निर्धारित था, लेकिन स्थानीय परंपरा और वास्तविक पर्व-तिथि को देखते हुए आदेश में संशोधन किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2025 की अवकाश सूची में छठ पूजा का अवकाश पूर्व में 29 अक्टूबर घोषित था, जबकि जनपद से प्राप्त फीडबैक और परंपरागत तिथि के अनुसार कुशीनगर में छठ (डाला-छठ) 28 अक्टूबर को मनाया जाएगा। अतः प्रशासन ने जन-भावना और धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए अवकाश तिथि में बदलाव किया है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और संबंधित संस्थाओं को आदेश प्रेषित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया है कि संशोधित तिथि 28 अक्टूबर के अवकाश को अनिवार्य रूप से लागू किया जाए और आदेश का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराया जाए।
अवकाश संशोधन के बाद छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। अब पर्व के प्रमुख अनुष्ठान — अर्घ्य, घाट व्यवस्था, सफाई, सुरक्षा और तैयारियों को लेकर परिवारों और प्रशासन, दोनों स्तरों पर कार्य और तेज हो गया है।
गौरतलब है कि छठ महापर्व पूर्वांचल की आस्था का सबसे बड़ा उत्सव माना जाता है, जिसमें सूर्य उपासना और लोकपरंपरा का अनूठा संगम देखने को मिलता है। प्रशासन की यह पहल छठ व्रतियों को बेहतर सुविधा और निर्बाध पूजा-व्यवस्था में सहयोग करेगी।
