


कुशीनगर। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों से शुक्रवार 17 अक्टूबर 2025 को कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं हेतु छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ लोक भवन, सचिवालय लखनऊ से किया गया। यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश में लाइव प्रसारण के माध्यम से संचालित हुआ, जिसका सीधा प्रसारण कुशीनगर जिले के किसान पी.जी. कॉलेज साखोपार में किया गया।
कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री जी ने कहा कि “सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी विद्यार्थी आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे।” इसी सोच के साथ विभिन्न वर्गों — सामान्य, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदाय — के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे उनके खातों में भेजी गई।
कुशीनगर जिले में कुल 32,095 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया गया। इनमें कक्षा 9 एवं 10 के 18,763 विद्यार्थी और कक्षा 11 एवं 12 के 13,332 विद्यार्थी शामिल हैं। विद्यार्थियों के खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई, जिससे पारदर्शिता और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित हुआ।
स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) शैलेन्द्र गौतम, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अभय पाण्डेय, तथा जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भरतलाल गोंड ने संयुक्त रूप से कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरण प्रमाणपत्र प्रदान किए। इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य अखिलेश सिंह सहित समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह और प्रसन्नता स्पष्ट झलक रही थी। कई छात्रों ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि छात्रवृत्ति की यह सहायता उन्हें आगे की पढ़ाई में बहुत मदद करेगी। कुछ ने इसे “सरकार द्वारा शिक्षा को सशक्त बनाने का प्रेरक कदम” बताया।
डीएसडब्ल्यूओ रमाशंकर यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। छात्रवृत्ति वितरण से न केवल गरीब और वंचित वर्गों के बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा है, बल्कि शिक्षा के माध्यम से समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य भी हो रहा है।
कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जनपद के सभी प्रमुख विद्यालयों में भी कराया गया ताकि हर छात्र-छात्रा मुख्यमंत्री जी के संदेश से प्रेरणा ले सके। पूरे जिले में इस आयोजन को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल रहा।
कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज प्रशासन ने मुख्यमंत्री जी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।
इस तरह कुशीनगर में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि शिक्षा ही सशक्त समाज की नींव है।
