
दुदही/विशुनपुरा: कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम अमही में प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की सनसनीखेज साजिश का मामला सामने आया है। गांव निवासी चंद्रिका प्रसाद पुत्र विशुनी प्रसाद ने अपनी बहू सुनैना देवी पत्नी अखिलेश पर तेजाब मिलाकर जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने थाना विशुनपुरा में लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। चंद्रिका प्रसाद का कहना है कि बहू सुनैना का गांव के ही एक शिक्षा मित्र मुनीब प्रसाद से अवैध संबंध है, जो लंबे समय से चला आ रहा है। जब उन्होंने इस संबंध पर आपत्ति जताई तो बहू ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और कहा कि “विद्यालय जाकर अगर कुछ बोले तो हत्या कर देंगे।” चंद्रिका ने आरोप लगाया कि 29 जुलाई 2025 की रात को बहू ने खाना अपने पुत्र रंजीत से उनके पास भेजा और रंजीत खाना रखकर तुरंत भाग गए। खाना खाने के बाद उन्होंने जब कुल्ला करने के लिए पानी मुंह में डाला तो मुंह जलने लगा। उन्हें शक हुआ और गांव के लोगों को बुलाया गया। जब उस पानी को जमीन पर गिराया गया तो वहां से आग की लपटें उठीं, जिससे साफ हो गया कि पानी में तेजाब जैसा खतरनाक रसायन मिलाया गया था। चंद्रिका ने यह भी बताया कि जब वह सबूत के तौर पर वह पानी लेकर बीडीसी सदस्य लल्लन प्रसाद के पास जा रहे थे, तभी रास्ते में बहू सुनैना और रंजीत नामक व्यक्ति ने पहुंचकर जबरन वह पानी छीन लिया और जमीन पर गिरा दिया, जिससे सबूत भी नष्ट हो गया। इस पूरे प्रकरण से गांव में सनसनी फैल गई है। पीड़ित ने थानाध्यक्ष से मांग की है कि मामले की गहराई से जांच कर बहू के विरुद्ध कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए और उनकी जान की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में जब विशुनपुरा थाने का कार्यभार देख रहे थाना प्रभारी अनिल यादव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि, “यह मामला अभी तक हमारे संज्ञान में नहीं आया है। अगर शिकायत मिलती है तो जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।”

