
पनियहवा–मदनपुर मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों का वर्षों से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी इस सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इस मार्ग के खराब होने के कारण स्थानीय लोगों और यात्रियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते थे, जिससे आमजन परेशान रहते थे।
वाल्मीकिनगर विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह की पहल पर उज्जैन इलेक्ट्रॉन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सड़क की सघन मरम्मत का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों और राहगीरों में खुशी की लहर है। लोगों का मानना है कि मोटरेबल सड़क बनने के बाद आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों ने विधायक के इस प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से उपेक्षित इस मार्ग के सुधरने से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार और शिक्षा जैसी गतिविधियों पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा। सड़क बनने से क्षेत्र का संपर्क बेहतर होगा और लोगों को नई उम्मीद मिलेगी।
पनियहवा–मदनपुर मार्ग का महत्व केवल स्थानीय जनता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मार्ग पर्यटकों और पड़ोसी जिलों के लोगों के लिए भी अहम है। महाराजगंज, गोरखपुर सहित उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों से लोग इसी रास्ते होकर बिहार के बगहा और वाल्मीकिनगर जाते हैं। लंबे समय से जर्जर हालत में रही इस सड़क की मरम्मत शुरू होने से अब आवागमन सुगम होगा। विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह की पहल पर उज्जैन इलेक्ट्रॉन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा चल रहे निर्माण कार्य से न केवल ग्रामीणों को राहत मिलेगी बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।
