

कुशीनगर। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही नगर पंचायत वार्ड संख्या 5 स्थित छठ घाट पर छठ वेदी तोड़े जाने की शिकायत एक गंभीर बवाल में बदल गई। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम सूचना मिलने पर वार्ड नम्बर 5 से भाजपा सभासद दिवाकर गुप्ता छठ घाट पर स्थिति देखने पहुँचे, तभी मौके पर मौजूद अराजक तत्वों ने उन पर प्राणघातक हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला तेज़ी से सुर्खियों में आ गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने सभासद के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। वायरल वीडियो में कुछ लोग लाठी-डंडों के साथ हमला करते साफ़ तौर पर दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद छठ घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर सभासद को सुरक्षित बाहर निकाला।
सभासद को गंभीर चोटें आने का आरोप है, जिसके बाद उन्होंने थाने में तहरीर दी। लेकिन घटना को चार दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज न किए जाने से आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी को लेकर नगर पंचायत के सभासद संघ के अध्यक्ष ने पुलिसिया कार्यवाही पर बड़ा सवाल उठाते हुए कहा है— “जब एक जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं, तो आम जनता का क्या?”
उधर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच, मुकदमा दर्ज करने और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, लेकिन वायरल वीडियो और गवाहों की मौजूदगी के चलते दबाव और बढ़ गया है।
स्थानीय स्तर पर छठ पर्व की तैयारी के बीच हुई इस घटना ने जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा और पुलिस की कार्रवाई पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। फिलहाल, पीड़ित पक्ष न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़ा है, जबकि लोग पूछ रहे हैं— “वीडियो और साक्ष्य मौजूद होने के बाद भी FIR में देरी क्यों?”


