
कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुदही रेलवे अंडरपास के पास रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जानकारी के अनुसार बतरौली धुरखड़वा निवासी दीनबंधु जायसवाल पुत्र रामजीत जायसवाल अपनी बाइक से बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह अंडरपास के पास पहुंचे, अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और वे सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में दीनबंधु जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही अचेत हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर उन्हें संभाला और एंबुलेंस की मदद से दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया। डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति नाजुक बनी हुई है और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास के पास सड़क की स्थिति काफी खराब है, जिस कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है और लोगों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और घायल का इलाज जारी है।
