
कुशीनगर। कप्तानगंज रेलवे सुरक्षा बल की टीम रेलवे स्टेशन पनियहवा स्थित पुल पर एक अज्ञात महिला द्वारा डांस वीडियो बनाए जाने के प्रकरण की जांच में जुट गई है। मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, वाराणसी को सोमवार सुबह करीब 9:45 बजे एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें एक युवती रेलवे पुल पर डांस करती दिखाई दे रही है और उसी दौरान पास से ट्रेन भी गुजरती दिख रही है। वीडियो सामने आने के बाद इसे गंभीर सुरक्षा उल्लंघन मानते हुए रेलवे सुरक्षा बल हरकत में आ गया।
जैसे ही मामला कप्तानगंज RPF पोस्ट को ट्रांसफर हुआ, सहायक निरीक्षक आनंद कुमार सिंह अपने स्टाफ के साथ तत्काल रेलवे स्टेशन पनियहवा के पास स्थित पुल पर पहुंचे। टीम ने मौके का निरीक्षण किया, किंतु वहां कोई महिला नहीं मिली। इसके बाद सुरक्षा बल ने इलाके में सर्च और इंक्वायरी अभियान चलाया। जांच टीम ने पनियहवा स्टेशन, पनियहवा बाज़ार, टेंगरा, बैरा, बड़का नरकहवा और छोटका नरकहवा गांवों में जाकर लोगों को वीडियो दिखाया और महिला की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन कोई भी उसे पहचान नहीं सका। रेलवे सुरक्षा बल को प्राप्त इनपुट और आसपास की पड़ताल के बाद भी महिला के संबंध में कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी।
फिर भी, RPF ने इसे रेलवे सुरक्षा से खिलवाड़ का गंभीर मामला मानते हुए अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 421/25 पंजीकृत कर लिया है। यह केस धारा 147 तथा 145 रेलवे अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है, जो रेलवे संपत्ति, रेल लाइन, पुल या ट्रेन परिचालन क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश, फोटो-वीडियो बनाने, डांस/रिल्स शूट करने या ऐसी किसी गतिविधि पर लागू होती है, जिससे जान-माल की हानि या दुर्घटना का जोखिम बढ़ता हो।
रेल सुरक्षा बल ने कहा है कि वीडियो की जांच जारी है और जल्द ही महिला की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी यह भी मान रहे हैं कि यह वीडियो सोशल मीडिया रीइल या वायरल कंटेंट बनाने की कोशिश के दौरान रिकॉर्ड किया गया होगा। RPF ने लोगों से अपील की है कि वायरल ट्रेंड और सोशल मीडिया लाइक्स के चक्कर में रेलवे क्षेत्र में अक्सर हो रहे ऐसे स्टंट जानलेवा साबित हो सकते हैं। पुल, ट्रैक, स्टेशन यार्ड, प्लेटफॉर्म के खतरनाक ज़ोन में वीडियो बनाना न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि ज़िंदगी को दांव पर लगाने जैसा कृत्य भी।
रेलवे प्रशासन ने साफ कहा है कि इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति ट्रेन, ट्रैक या पुल को “मनोरंजन का लोकेशन” समझकर अपनी और दूसरों की जान खतरे में न डाले। फिलहाल RPF महिला की पहचान में जुटी हुई है और जल्द ही मामले में अगली कार्रवाई सामने आने की संभावना है।
