
कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के अमही गांव में रविवार की रात एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर पांच हमलावरों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमही गांव निवासी दिलीप यादव पुत्र स्व. बाबूलाल यादव 21 सितंबर की रात लगभग 9 बजे घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान सरकारी स्कूल के पास दो बाइक पर सवार छह लोग पहुंचे। इनमें से एक बाइक पर बैठे तीन युवक उतरे और दिलीप यादव पर अवैध असलहे से फायर करने की कोशिश की, लेकिन फायर नहीं हो सका। इसके बाद हमलावरों ने असलहे के पिछले हिस्से (बट) से प्रहार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद दूसरी बाइक पर सवार हमलावर मौके से भाग निकले।
पीड़ित के मुताबिक हमलावरों की पहचान गुड्डू पुत्र इंद्रजीत निवासी सोरहवा, थाना विशुनपुरा; महेश पुत्र भोज व चंदन पुत्र शिवनाथ निवासी नौका बसीना घोरट, थाना तुर्कपट्टी; अभय और रवि पुत्र अज्ञात निवासी मछरिया, थाना तुर्कपट्टी के रूप में हुई है। दिलीप यादव का कहना है कि उनका पूर्व में गुड्डू से विवाद हुआ था, उसी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार हेतु दुदही सीएचसी भेजा गया। जहां पीड़ित का प्रारंभिक बयान लिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और सिटी स्कैन व एक्स-रे की रिपोर्ट आना बाकी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि मामले में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और नामजद आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है

