
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
दिनांक – 04 नवम्बर 2025
कुशीनगर। आगामी कार्तिक पूर्णिमा पर्व (05 नवम्बर) को लेकर जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था व सुरक्षा के मद्देनज़र व्यापक तैयारी की है। जिला मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर ने जिलेभर में 2 सुपर जोनल, 6 जोनल और 38 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर यह सुनिश्चित करें कि किसी भी प्रकार की शांति व्यवस्था में बाधा न उत्पन्न हो। यदि कोई समस्या या विवाद की स्थिति बनती है तो तत्काल पुलिस अधीक्षक व संबंधित उप जिला मजिस्ट्रेट को सूचित करें।
सुपर जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में एडीएम वैभव मिश्रा (कसया, हाटा, तमकुहीराज) और एडीएम न्यायिक प्रेम कुमार राय (पडरौना, खड्डा, कप्तानगंज) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं छह उप जिलाधिकारियों को उनके संबंधित तहसीलों के लिए जोनल मजिस्ट्रेट नामित किया गया है।
38 सेक्टर मजिस्ट्रेटों में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, बीडीओ, खंड शिक्षा अधिकारी समेत अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियों को शामिल किया गया है। सभी को पुलिस चौकीवार, कस्बा चौकीवार तथा प्रमुख स्थलों पर तैनात किया गया है। इसके अलावा 2 जोनल व 6 सेक्टर मजिस्ट्रेट रिजर्व में रहेंगे ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहयोग दिया जा सके।
डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी मजिस्ट्रेट अपने तैनाती क्षेत्र में कार्यक्रम की समाप्ति तक उपस्थित रहेंगे और मौके की स्थिति से संबंधित अधिकारियों को निरंतर अवगत कराते रहेंगे।
त्योहार के दौरान किसी भी आकस्मिक परिस्थिति पर नियंत्रण के लिए कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम (फोन-05564-240590) सक्रिय रहेगा। इसकी जिम्मेदारी नीरज कुमार गौड़ (सहायक आयुक्त) और आलोक कुमार प्रियदर्शी (जिला पंचायत राज अधिकारी) को दी गई है, जो अपने स्टाफ सहित कंट्रोल रूम में तैनात रहेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे विवेकपूर्ण व नियमानुसार कार्यवाही करें और त्योहार को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।
कुशीनगर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट — सुरक्षा, शांति और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा कार्तिक पूर्णिमा का पर्व।
