
26 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
कलेक्ट्रेट परिसर में गरिमामय वातावरण में मनाया गया गणतंत्र दिवस,जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने फहराया राष्ट्रीय तिरंगा
संविधान के मूल्यों के अनुरूप अधिकारों के साथ कर्तव्यों के निर्वहन का दिया सशक्त प्रशासनिक संदेश
जनपद कुशीनगर में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, अनुशासन और प्रशासनिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर द्वारा राष्ट्रीय तिरंगा फहराया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान हुआ, जिसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनपदवासियों को संविधान के प्रति निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री तंवर ने कहा कि गणतंत्र दिवस भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। यह दिवस हमें हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अतुलनीय बलिदान, संविधान निर्माताओं की दूरदर्शिता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की निरंतर स्मृति कराता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे विस्तृत एवं सशक्त संविधान है, जिसने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान किया है।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान ने हमें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धर्म की स्वतंत्रता, शिक्षा का अधिकार तथा कानून के समक्ष समानता जैसे मौलिक अधिकार दिए हैं, लेकिन इसके साथ ही नागरिकों को राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के निर्वहन का दायित्व भी सौंपा है। लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी पूर्ण रूप से सजग और जिम्मेदार हो।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसेवा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ लागू करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में जवाबदेही, निष्पक्षता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया।
जिलाधिकारी श्री तंवर ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार का दायित्व नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने संविधान के मूल्यों—समानता, बंधुत्व, न्याय और धर्मनिरपेक्षता—को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं सतत भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसके पश्चात स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
समारोह में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रेम कुमार राय, उप जिलाधिकारी मु. जफर, वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव से ओत-प्रोत वातावरण व्याप्त रहा।
— विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर










