
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई का असर, 77 में से 11 मामलों का मौके पर निस्तारण
05 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
जनपद कुशीनगर में आम जनता की समस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। कसया तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने स्वयं जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को सख़्त निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए।
दूर-दराज़ के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने दो टूक कहा कि “जनता की समस्या का समाधान कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें लापरवाही, टालमटोल या उदासीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।” उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में स्पष्ट किया कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली पाई गई तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रत्येक प्रार्थनापत्र का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा निस्तारण की सूचना स्वयं फरियादी को दी जाए, ताकि आमजन का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हो।
वहीं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों को लेकर सख़्त रुख अपनाते हुए कहा कि “पीड़ित को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर ढिलाई या संवेदनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस से जुड़े प्रकरणों में निष्पक्ष जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से कुल 77 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग के 49, पुलिस विभाग के 11, कृषि विभाग के 5, विकास विभाग के 4, खाद्य एवं रसद विभाग के 4 तथा अन्य विभागों के 4 प्रकरण शामिल रहे। प्रशासन की तत्परता का परिणाम यह रहा कि मौके पर ही 11 मामलों का तत्काल निस्तारण कर फरियादियों को बड़ी राहत दी गई। इनमें राजस्व विभाग के 5, पुलिस विभाग के 2, कृषि विभाग के 2 तथा खाद्य एवं रसद विभाग के 2 मामले शामिल हैं। शेष 66 मामलों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में निस्तारण के निर्देश के साथ सौंप दिया गया।
इस अवसर पर प्रशासनिक अमला पूरी सक्रियता के साथ मौजूद रहा। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक पीयूष, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश, बीएस राम जियावन मौर्य, उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल, क्षेत्राधिकारी कुंदन सिंह, तहसीलदार धर्मवीर सिंह, नायब तहसीलदार संदीप कुमार, अधिशासी अधिकारी अंकिता शुक्ला सहित सभी जनपद स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस ने एक बार फिर यह संदेश साफ कर दिया कि कुशीनगर प्रशासन अब सिर्फ सुनने तक सीमित नहीं, बल्कि समाधान देने के लिए पूरी मजबूती के साथ मैदान में है।









