
विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
दिनांक: 16 दिसम्बर 2025
जनपद कुशीनगर में पेंशनरों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार के निर्देश पर 17 दिसंबर 2025, मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, कुशीनगर में जनपद स्तरीय पेंशनर दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर करेंगे और पेंशनरों की शिकायतों की सीधी सुनवाई कर मौके पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस पेंशनर दिवस में पेंशन भुगतान में देरी, अनावश्यक कटौती, पारिवारिक पेंशन, संशोधित वेतनमान, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, कोषागार से जुड़े मामलों सहित अन्य ज्वलंत समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि अब पेंशनरों को कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, बल्कि एक ही मंच पर उनकी समस्याओं का समाधान होगा।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी कार्यालयाध्यक्षों, वित्त एवं लेखा विभाग, कोषागार, कार्मिक विभाग सहित संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है, ताकि किसी भी शिकायत को टालने या लंबित रखने की गुंजाइश न रहे। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पेंशनरों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और तत्काल कार्रवाई की जाए।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि पेंशनर दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा का सशक्त मंच है। उन्होंने जनपद के सभी पात्र पेंशनरों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचकर अपनी समस्याएं लिखित रूप में प्रस्तुत करें, जिससे उनका त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण किया जा सके।
यह आयोजन पेंशनरों के लिए राहत की बड़ी उम्मीद बनकर सामने आया है और प्रशासन की संवेदनशीलता को भी दर्शाता है।
