
20 नवम्बर, विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर।फाजिलनगर ब्लॉक परिसर में 21 नवंबर को दिव्यांगजनों के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें ब्लाक फाजिलनगर एवं तमकुहीराज क्षेत्र के चिन्हित दिव्यांग लाभार्थियों को आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। यह वितरण कार्यक्रम फाजिलनगर के माननीय विधायक श्री सुरेन्द्र सिंह कुशवाहा जी के कर-कमलों द्वारा सम्पन्न होगा।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अभय पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप दिव्यांगजनों को सुगम जीवन एवं आत्मनिर्भरता प्रदान करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों की पहचान पूर्व में की जा चुकी है, ताकि उन्हें समय से सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान नेडा विभाग (NEDA) द्वारा पी.एम. सूर्य घर योजना से संबंधित एक विशेष रजिस्ट्रेशन कैम्प भी लगाया जाएगा। इस कैम्प के माध्यम से जिले के इच्छुक लाभार्थी अपना पंजीकरण कर इस प्रमुख योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
पी.एम. सूर्य घर योजना का लक्ष्य घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है, जिससे बिजली खर्च में कमी के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
स्थानिय ग्रामीणों और लाभार्थियों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण न केवल उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाएंगे, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ने में भी मदद करेंगे।
कार्यक्रम कल सुबह निर्धारित समय पर ब्लॉक फाजिलनगर परिसर में आयोजित होगा, जिसमें विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
— विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
