
कुशीनगर।
जनपद में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं में खेल भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 04 फरवरी 2026 को जनपद स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता मेरा युवा भारत, कुशीनगर (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, कुशीनगर में संपन्न होगी। आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है, जिससे तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
जिला युवा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे होगा। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विकास खण्डों से चयनित खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में कबड्डी (बालिका वर्ग), वॉलीबॉल (बालक वर्ग) के साथ-साथ 400 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ (बालक/बालिका वर्ग) की प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि जनपद के जिन 05 विकास खण्डों में विकास खण्ड स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं, वहां से चयनित विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ी/टीमें इस जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता के माध्यम से जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच मिलेगा, जिससे वे भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन कर सकें।
प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि विकास खण्ड स्तरीय प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान तथा टीम गेम्स में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। यह आयोजन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, जिससे अधिक से अधिक खिलाड़ी बिना किसी आर्थिक बाधा के प्रतिभाग कर सकें।
आयोजन समिति ने जनपद के खेल प्रेमियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा भी प्राप्त होगी।
