
22 नवम्बर | विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
किया
25 नवम्बर तक सभी प्रविष्टियाँ पूर्ण करने के कड़े निर्देश — जनपदवासियों से SIR फॉर्म जमा करने की अपील
कुशीनगर जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने शनिवार को पडरौना, कसया एवं फाजिलनगर विकासखंडों के विभिन्न मतदान केन्द्रों पर चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने मतदाता सूचियों के अद्यतन कार्य की वास्तविक प्रगति को स्थल पर जाकर परखा तथा संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा—25 नवम्बर—के भीतर सभी प्रविष्टियाँ हर हाल में पूरी कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले प्राथमिक विद्यालय दमवतीया (पडरौना) पहुंचे, जहां कुल 920 मतदाताओं के मुकाबले मात्र 25 SIR फॉर्म जमा पाए गए। इतनी धीमी प्रगति देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और बीएलओ को फटकार लगाते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने निर्देशित किया कि तुरंत विशेष अभियान चलाते हुए घर–घर जाकर शत–प्रतिशत फॉर्म एकत्र करना सुनिश्चित किया जाए।
इसके बाद वे प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर बुजुर्ग पहुंचे। यहाँ 1280 मतदाताओं के सापेक्ष 700 फॉर्म जमा तथा 250 ऑनलाइन प्रविष्टियाँ पूर्ण पाई गईं। जिलाधिकारी ने इस प्रगति को संतोषजनक बताया, पर साथ ही यह भी कहा कि शेष घरों तक पहुँच बनाकर 25 नवम्बर से पहले सभी प्रविष्टियाँ पूर्ण की जाएंगी। उन्होंने समन्वित रूप से ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों कार्यों को समान गति से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
कसया क्षेत्र के एक अन्य बूथ पर 1285 मतदाताओं के सापेक्ष 350 फॉर्म जमा और 350 ऑनलाइन प्रविष्टियाँ पाई गईं। जिलाधिकारी ने इस संतुलन को अच्छा बताते हुए निर्देश दिए कि आने वाले दो दिनों में इस संख्या को दोगुना करने के लिए बीएलओ टीम तेजी से कार्य करें।
निरीक्षण क्रम में वे उच्च प्राथमिक विद्यालय बहोरापुर भी पहुंचे। यहाँ 829 वोटरों के आधार पर 135 फॉर्म जमा और 80 ऑनलाइन प्रविष्टियाँ पूर्ण थीं। जिलाधिकारी ने इसे अत्यंत धीमी प्रगति बताते हुए बीएलओ को घर–घर संपर्क अभियान और तेज करने का निर्देश दिया।
फाजिलनगर के प्राथमिक विद्यालय धुनवालिया में 1370 मतदाताओं के मुकाबले मात्र 135 फॉर्म प्राप्त हुए तथा 105 ऑनलाइन प्रविष्टियाँ पाई गईं। कार्य में निरंतर सुस्ती देख जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि अगले 48 घंटों में प्रगति नहीं बढ़ी तो कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पर्यवेक्षक अधिकारी प्रतिदिन समीक्षा करें और प्रगति की अद्यतन रिपोर्ट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। साथ ही बीएलओ को यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी भी क्षेत्र में कार्य शिथिल पाया गया तो उसकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिलाधिकारी की जनपदवासियों से अपील
उन्होंने सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि “SIR फॉर्म भरकर 25 नवम्बर तक अपने बीएलओ को अवश्य जमा करें, ताकि आपकी प्रविष्टि समय से ऑनलाइन हो सके और मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे।”
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का अद्यतन लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।








