
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर।
जिलाधिकारी निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य को सुचारू, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने निर्वाचन कार्यालय में स्थापित कॉल सेंटर का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कॉल सेंटर में उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं, संचार तंत्र और प्रशिक्षित कर्मियों की कार्यप्रणाली का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह कॉल सेंटर मतदाताओं को एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) से जुड़ी सभी जानकारियाँ उपलब्ध कराएगा। साथ ही, शिकायतों और सुझावों के पंजीकरण, उनका त्वरित निस्तारण, तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान करेगा।
डीएम ने निर्देश दिए कि कॉल सेंटर पर प्राप्त सभी शिकायतों व अनुरोधों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया में जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।
कॉल सेंटर के लिए हेल्पलाइन नंबर 05564-1950 और 05564-297091 जारी किए गए हैं, जिन पर नागरिक निर्धारित समय में संपर्क कर अपनी समस्याओं या सुझावों को दर्ज करा सकते हैं।
शुभारंभ अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित निर्वाचन कार्यालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कुशीनगर में लोकतंत्र की मजबूती की दिशा में एक और सराहनीय कदम – जिलाधिकारी ने बढ़ाया पारदर्शिता और जनसुविधा का दायरा।


