
कुशीनगर जनपद के विश्वनाथ व अन्य 215 व्यक्तियों निवासी ग्राम दशहवा टोला पुष्कर नगर थाना बरवा पट्टी तहसील तमकुहीराज द्वारा जिलाधिकारी को इस आशय का प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया गया है कि गण्डक नदी में बाढ़ आने से वर्ष 1962 से लेकर वर्ष 1978 तक ग्राम दशहवा के टोला पुष्करनगर में उक्त व्यक्तियों के परिवार को तत्समय उप जिलाधिकारी द्वारा बसाया गया था। उक्त ग्राम का पुराना गाटा संख्या 363, 464 व 361 जिसका नया गाटा संख्या 699 रकबा 13.600हे० है, जो राजस्व अभिलेखों में वन विभाग के नाम से अंकित होने के कारण इस ग्राम में बसे 600 परिवारों को मूलभूत शासकीय सुविधाएं यथाः आवास, राशन कार्ड, शौचालय, जॉब कार्ड, खण्डजा, इण्टरलॉकिंग, घरौनी व अन्य से लाभ वंचित है।
वर्तमान समय में वन विभाग द्वारा अपनी भूमि खाली कराये जाने हेतु अन्तर्गत धारा-61बी (1) भारतीय वन अधिनियम, 1927 (उ० प्र० संशोधन, 2000 एवं यथा संशोधित) के तहत नोटिस निर्गत किया गया है। उक्त प्रार्थीगण के पास इसके अतिरिक्त कोई अन्य भूमि नहीं है तथा असहाय परिवार है, जिससे उक्त परिवार को बेघर होने से बचाये जाने का अनुरोध किया गया है।
जिलाधिकारी ने उक्त समस्या गम्भीर प्रवृत्ति के होने एवं उक्त परिवारों को स्थायी रूप से निवास कराने के समाधान हेतु अधिकारियों की जॉच टीम इस निर्देश के साथ गठित की गई है कि उक्त परिवारों को स्थायी रूप निवास कराने हेतु एवं उनको क्या सुविधा दिया जा सकता है के सम्बन्ध में संयुक्त रूप से जॉच करके अपनी विस्तृत जॉच आख्या 15 दिवस में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
जॉच अधिकारी के रूप में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) वैभव मिश्रा, प्रभागीय वनाधिकारी वरूण कुमार सिंह,उप जिलाधिकारी तमकुहीराज सुश्री आकांक्षा मिश्रा, क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज राकेश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी अरूण कुमार पाण्डेय को नामित किया गया है।
