



7 फरवरी को प्रस्तावित भव्य कार्यक्रम की तैयारियों की प्रशासनिक समीक्षा
02 फरवरी | विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
तमकुहीराज स्थित BBK एकेडमी के प्रस्तावित उद्घाटन समारोह दिनांक 07 फरवरी 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। कार्यक्रम की भव्यता, गरिमा और सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए आज जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक कुशीनगर द्वारा कार्यक्रम स्थल का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि उद्घाटन समारोह में आम जनमानस से लेकर विशिष्ट अतिथियों तक की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित आयोजन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, अग्निशमन व्यवस्था एवं आपातकालीन चिकित्सीय सुविधा को मानक अनुरूप एवं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की संभावना को पूर्णतः समाप्त करने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी तथा नामित अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के आसपास साफ-सफाई, बैरिकेडिंग एवं आपात स्थिति से निपटने की पूर्व तैयारी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक कुशीनगर द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू करने, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी, प्रवेश एवं निकास बिंदुओं की स्पष्ट व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती के निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि उक्त उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के माननीय उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक भैयाजी जोशी सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों के प्रतिभाग करने की प्रबल संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता एवं उच्चस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
कार्यक्रम के आयोजकों द्वारा प्रशासन को अवगत कराया गया कि आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाने हेतु मंच सज्जा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अतिथि सत्कार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उद्घाटन समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने हेतु सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश निर्गत कर दिए गए हैं तथा तैयारियों की निरंतर निगरानी स्वयं वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं।





