
02 दिसम्बर | विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक के पिपरा खुर्द के गुलहरिया टोले में बुखार से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आपात बैठक बुलाकर स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायत राज अधिकारी, जल निगम, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों की जमकर क्लास ली।
बैठक में स्पष्ट शब्दों में कहा गया कि लापरवाही करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
“बच्चे मर रहे हैं और सिस्टम सो रहा था… अब जरा भी चूक हुई तो सख्त कार्रवाई” – डीएम
बैठक के दौरान जिलाधिकारी का कड़ा तेवर पूरे समय देखने को मिला। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि “गुलहरिया में बीमारी फैलती रही और विभाग आंख बंद कर आराम फरमाता रहा। दो मासूमों की मौत पूरे सिस्टम की असफलता है। अब यदि एक भी शिकायत मिली या कोई भी अधिकारी कार्रवाई में ढिलाई दिखाएगा तो सीधा जिम्मेदारी तय कर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।”
स्वास्थ्य विभाग पर विशेष सख्ती – गांव के हर घर की स्क्रीनिंग का आदेश
डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि
सीएचसी पर दवाओं की उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित हो,
चिकित्सकों की टीम गांव में निरंतर स्क्रीनिंग करे,
जो 18 बच्चों को चिन्हित किया गया है, उन्हें समय पर दवा दी जाए,
हर सुबह और शाम की रिपोर्ट सीधे सीडीओ को भेजी जाए,
गांव में भर्ती, बीमार या संदिग्ध सभी व्यक्तियों को ट्रेस किया जाए।
डीएम ने साफ कहा—“मौके पर मुस्तैदी चाहिए, कागजों में नहीं। डॉक्टर फील्ड में दिखने चाहिए।”
बीमारी जानवरों के माध्यम से – पशुओं को आबादी से दूर रखने का निर्देश
जिलाधिकारी ने बताया कि यह बीमारी जानवरों में पाई जाती है और मनुष्य से मनुष्य में नहीं फैलती। इसलिए गांव में पशुओं को आबादी से बाहर रखने और पशुपालकों को जागरूक करने के निर्देश जारी हुए।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को स्पष्ट निर्देश—“ढिलाई मिली तो कार्रवाई तय है।”
ग्राम पंचायत पर भी सख्ती – एंटी लार्वा छिड़काव और सफाई अभियान तेज
डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को आदेशित किया कि
गांव में एंटी लार्वा छिड़काव तुरंत कराया जाए
बैनर/पोस्टर लगाकर लोगों को जागरूक किया जाए
सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो, नालों और जलजमाव पर विशेष निगरानी रखी जाए।
डीएम ने कहा—“गुलहरिया में गंदगी और लापरवाही बीमारी को न्योता देती है। अब गांव की सफाई पर जीरो टॉलरेंस रहेगा।”
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर
डीएम ने यह भी चेतावनी दी कि बीमारी को लेकर सोशल मीडिया में अनाप-शनाप, भ्रामक या भय फैलाने वाली पोस्ट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गलत जानकारी रोकने और सही तथ्यों को सामने लाने के लिए तुरंत कदम उठाएं।
गुलहरिया में दो मासूमों की मौत ने प्रशासन को झकझोर दिया है। अब जिलाधिकारी के निर्देश के बाद सभी विभागों की जिम्मेदारी तय हो गई है। जिले भर में यह साफ संदेश चला गया है कि लापरवाही या कागजी कार्यवाही का दौर खत्म—अब सिर्फ मैदान में काम दिखना चाहिए।



