


तमकुहीराज, कुशीनगर।
लगातार हो रही बारिश ने तमकुहीराज तहसील क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया है। बीते 48 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से तमकुहीराज नगर सहित आसपास के 100 से अधिक गांवों में अंधेरा छाया हुआ है।
बारिश के चलते तहसील कॉलोनी स्थित मुख्य बिजलीघर (पावर हाउस) में करीब चार फीट पानी भर गया, जिससे पूरा सिस्टम प्रभावित हो गया। ट्रांसफार्मर और केबल जलमग्न होने से बिजली विभाग को आपूर्ति रोकनी पड़ी। लगातार हो रही बारिश से मरम्मत कार्य भी ठप पड़ा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न रहने से मोबाइल नेटवर्क, पेयजल आपूर्ति और घरों में दैनिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हैं। इन्वर्टर और जनरेटर बंद पड़ जाने से लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा ने बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुँचकर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पानी की निकासी और सिस्टम की मरम्मत जल्द पूरी की जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
इधर, विभागीय अधिकारी दावा कर रहे हैं कि जैसे ही पानी का स्तर घटेगा, बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। वहीं, लगातार बारिश और जलभराव ने लोगों की परेशानियाँ और बढ़ा दी हैं।
