

दुदही /कुशीनागर
कुशीनगर जनपद के दुदही ब्लाक क्षेत्र में कार्यरत सभी ग्राम सभाओं के रोजगार सेवकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के बैनर तले सभी रोजगार सेवकों ने ब्लाक मुख्यालय पर एकजुट होकर विकास खंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
रोजगार सेवकों ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट कहा कि प्रदेश नेतृत्व और विभागीय कार्यों की स्पष्ट दिशा-निर्देशों की अनुपस्थिति के कारण वे ई-खसरा सर्वेक्षण कार्य करने में असमर्थ हैं। उनका कहना है कि इस कार्य को लेकर उन्हें कोई ठोस मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध नहीं कराया गया है।
ज्ञापन सौंपने के बाद सभी रोजगार सेवकों ने ब्लाक परिसर में आयोजित सर्वे की ट्रेनिंग-प्रशिक्षण का सामूहिक बहिष्कार कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। रोजगार सेवकों का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक वे किसी भी प्रकार की ट्रेनिंग या अतिरिक्त कार्य का हिस्सा नहीं बनेंगे।
रोजगार सेवकों की इस सामूहिक कार्यवाही से ब्लाक परिसर में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा। अब देखना यह होगा कि उनकी मांगों पर विभाग और सरकार किस तरह की कार्रवाई करती है।




