





04 फरवरी | विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
मेरा युवा भारत,
कुशीनगर (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, कुशीनगर में आयोजित जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता युवाओं की ऊर्जा, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का सशक्त प्रदर्शन बनकर उभरी। कार्यक्रम का शुभारंभ पंचायती राज अधिकारी श्री आलोक कुमार प्रियदर्शी द्वारा हनुमान जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिससे आयोजन को सांस्कृतिक गरिमा और प्रशासनिक संबल प्राप्त हुआ।
प्रतियोगिता में जनपद के समस्त विकास खण्डों से आए सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कुल छह खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाते हुए यह संदेश दिया कि कुशीनगर का युवा खेलों में भी किसी से पीछे नहीं है। टीम स्पर्धा में विकास खण्ड पड़रौना की टीम ने विशुनपुरा को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि कबड्डी बालिका वर्ग में कसया विकास खण्ड की टीम ने कप्तानगंज को शिकस्त देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 400 मीटर दौड़ (बालक वर्ग) में मुकेश पाल ने प्रथम, निखिल सिंह ने द्वितीय तथा रितिक गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ (बालक वर्ग) में आदित्य चौधरी प्रथम, मुकेश पाल द्वितीय और जिगर सिंह तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में निशा साहनी प्रथम, प्रीति यादव द्वितीय एवं उर्मिला चौहान तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि 200 मीटर दौड़ में प्रीति यादव ने प्रथम, आंचल ने द्वितीय और सबीना खातून ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता प्रतिभागियों को जिला युवा अधिकारी श्री सचिन कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री मनीष कुमार गुप्ता, वरिष्ठ कोषाधिकारी श्री सुनील यादव, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री रवि कुमार निषाद एवं अन्य अतिथियों द्वारा “मेरा युवा भारत” की टी-शर्ट, प्रमाण-पत्र, ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल उपलब्धि की स्वीकृति था, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्पष्ट संदेश भी।
इस अवसर पर कुश्ती कोच पंकज यादव, बॉक्सिंग कोच गोल्डन, बास्केटबॉल कोच पंकज एवं कबड्डी कोच नरसिंह शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर आयोजन को तकनीकी मजबूती प्रदान की। समापन अवसर पर 03 फरवरी 2026 से प्रारंभ “माय भारत बजट क्विज प्रतियोगिता” के पोस्टर का विमोचन कर युवाओं से अधिकाधिक सहभागिता की अपील की गई।
कार्यक्रम के सफल संचालन में मंच संचालक श्री रविन्द्र नारायण पाण्डेय सहित शिवांश गिरि, सोनू शर्मा, विनय चौहान, सुधांश त्रिपाठी, विशाल साह, गुलशन कुमार एवं परितोष दुबे का योगदान सराहनीय रहा। आयोजन ने स्पष्ट कर दिया कि प्रशासनिक मार्गदर्शन और युवा शक्ति के समन्वय से कुशीनगर खेल प्रतिभाओं का मजबूत केंद्र बन रहा है।
