
कुशीनगर जनपद के पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बसहिया बनवीरपुर गांव निवासी अज्जुल हक का 26 वर्षीय पुत्र गौस आलम पिछले सात दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। परिवारजन का आरोप है कि युवक का अपहरण हुआ है, बावजूद इसके कोतवाली पुलिस अब तक उसकी बरामदी नहीं कर सकी है। शनिवार को पीड़ित परिवारजन एएसपी केशव कुमार की गैर मौजूदगी में क्षेत्राधिकारी सदर को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित पिता अज्जुल हक के अनुसार उनका बेटा गौस आलम बसहिया चौहरा स्थित एक अस्पताल में कार्यरत था। 23 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे से वह अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजन गांव की एक युवती पर शक जता रहे हैं। बताया जाता है कि गौस आलम का उक्त युवती से मोबाइल पर बातचीत होती थी। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद की जानकारी परिजनों को मिली।
अज्जुल हक का आरोप है कि उसी युवती ने सुनियोजित तरीके से उनके बेटे का अपहरण करा दिया है। इस बीच परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि लापता युवक को लेकर 23 सितंबर की रात ही कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस ने न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही कोई प्रभावी कार्रवाई की। इससे आहत होकर परिवारजन अब उच्चाधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं।
शनिवार को पुलिस कार्यालय पहुंचकर परिजनों ने क्षेत्राधिकारी सदर को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि सात दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने युवक की बरामदी नहीं की और आरोपित युवती के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज नहीं किया। पीड़ित परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
परिवार का साफ कहना है कि उन्हें अब अपने बेटे की जान को खतरा है। उन्होंने युवक की शीघ्र बरामदी और आरोपित युवती पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस की निष्क्रियता को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
