

सीडीओ ने किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश
कुशीनगर आज कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की कार्यवाही की समीक्षा के साथ हुआ, जिसके उपरांत आज की कार्यवाही प्रारंभ की गई।
जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान बंधुओं ने अपने अपने क्षेत्र की समस्याएं प्रस्तुत कीं, जिसके अंतर्गत किसानों द्वारा प्रमुख रूप से
मंगलपुर रजवाहा में चिलमन लगाकर जल प्रवाह अवरुद्ध किए जाने की शिकायत। ग्राम सभाओं को नगर पंचायतों में सम्मिलित किए जाने के बाद निःशुल्क बोरिंग योजना के लाभ से वंचित होने की समस्या। सुकरौली क्षेत्र के बलुआ श्रीराम गांव में धान क्रय केंद्र स्थापित किए जाने की मांग। केला उत्पादकों को उचित मूल्य न मिलने से हो रहे आर्थिक नुकसान का मुद्दा। कठकुइयां चीनी मिल से संबद्ध समितियों के लगभग ढाई सौ किसानों का भुगतान लंबित होने की शिकायत। गन्ना अनुसंधान केंद्र सरगटिया क्षेत्र में नाले के अतिक्रमण से जलजमाव की स्थिति उत्पन्न होने की समस्या आदि प्रमुख रूप से प्रस्तुत किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा संबंधित विभाग तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसान दिवस का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान समयबद्ध तरीके से करना है। लम्पी रोग से ग्रसित पशुओं के संबंध में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को तत्काल टीम भेज कर इलाज करवाए जाने का निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी डा0 मेनका सिंह, सिंचाई विभाग, गन्ना विभाग, मंडी परिषद, पशुपालन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कृषक बंधु उपस्थित रहे।
