
सड़क से स्कूल तक सुरक्षा की गारंटी, पुलिस ने थामी मिशन शक्ति की कमान”
कुशीनगर जनपद में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर कुशीनगर पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। “मिशन शक्ति अभियान” के तहत मंगलवार को थाना कोतवाली पडरौना क्षेत्रांतर्गत सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, पडरौना में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री संतोष कुमार मिश्रा ने छात्राओं के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी सुरक्षा, अधिकारों और आत्मरक्षा को लेकर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान एसपी ने छात्राओं से फीडबैक लेते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्कूल/कॉलेज के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, निरंतर चेकिंग, एंटी-रोमियो स्क्वाड की सक्रियता और विशेष गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए।

पुलिस अधीक्षक ने स्कूल/कॉलेज प्रबंधकों को आईपी बेस्ड सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी फीड से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं की समस्याओं के समाधान हेतु परिसर में शिकायत पेटी (Complaint Box) स्थापित कराई जाएगी, जिसे नियमित रूप से संबंधित थाना प्रभारी और हल्का प्रभारी खोलकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों—वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड लाइन 1098—की जानकारी दी गई। इसके साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों और बीट कॉन्स्टेबलों के नंबर स्कूल/कॉलेज की दीवारों पर वॉल पेंटिंग के माध्यम से अंकित कराए जाने का निर्देश दिया गया।

एसपी ने यातायात निरीक्षक और थाना प्रभारियों को स्कूल-कॉलेज के बाहर सड़क पर बैरियर लगाने के निर्देश दिए, ताकि तेज रफ्तार वाहन छात्राओं की सुरक्षा में बाधा न बनें। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस द्वारा समय-समय पर गूगल मीट/वीडियो कॉल के जरिए छात्राओं से सीधे संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था पर फीडबैक लिया जाएगा।

इस अवसर पर छात्राओं को पीआरवी-112 (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) की कार्यप्रणाली और आपातकालीन स्थिति में इसकी भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपनी सुरक्षा के साथ-साथ आसपास की अन्य महिलाओं और लड़कियों को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत ऐसे कार्यक्रम जिले में लगातार आयोजित किए जाएंगे।

इस मौके पर क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार सिंह, पीआरओ उपेन्द्र कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मी भी मौजूद रहे।

