
कुशीनगर। जनपद के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के सरया खुद गांव में शुक्रवार सुबह विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। घटना में एक महिला सहित कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे गांव के कुछ लोग विवादित जमीन पर कब्जा करने पहुंचे। इसी दौरान उषा देवी पत्नी दिनेश ने इसका विरोध किया। आरोप है कि कब्जा करने पहुंचे लोगों ने उषा देवी के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की। शोर सुनकर गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही तमकुहीराज पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। दोनों पक्षों के घायल लोगों को पुलिस ने स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने उषा देवी की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाते हुए प्रत्युत्तर तहरीर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि जमीन का विवाद काफी समय से चल रहा है, जिसकी शिकायत कई बार राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन समाधान न होने के कारण यह विवाद अब हिंसक रूप ले चुका है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से बयान लेकर जांच की जा रही है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस ने एहतियातन गश्त बढ़ा दी है।
👉 स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि विवादित जमीन की माप और सीमांकन कराकर स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।



