
20 नवंबर, विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
कुशीनगर में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बीच जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने मतदाताओं को गंभीर चेतावनी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम एक से अधिक स्थानों पर मतदाता सूची में दर्ज है, तो तकनीकी रूप से उसे अलग-अलग स्थानों से ईपी/ईएफ प्राप्त हो सकता है, परंतु हस्ताक्षर केवल एक ही फॉर्म पर करना अनिवार्य है।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा—एक से अधिक ईएफ पर हस्ताक्षर करना कानूनन दंडनीय अपराध है, जिसके लिए एक वर्ष तक की सजा या आर्थिक दंड का कठोर प्रावधान है।
जिलाधिकारी ने बताया कि नाम दो स्थानों पर होने का अर्थ यह नहीं कि मतदाता दोहरी भागीदारी करेगा। चाहे गांव-शहर, दो जिले, या दो राज्यों में किसी का नाम दर्ज हो, गणना प्रपत्र (ईएफ/एन्हुमिनरेशन फॉर्म) केवल एक स्थान से ही भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने अब उच्च स्तरीय डिजिटल ट्रैकिंग प्रणाली विकसित की है, जिसके जरिए दो जगह से फॉर्म भरने वालों की स्वचालित पहचान संभव होगी। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 27 अक्टूबर को मतदाता सूची फ्रीज कर दी गई है, इसलिए वर्तमान में जिसका नाम जहां दर्ज है, वही स्थान उसका वैधानिक मतदान स्थल माना जाएगा और वहीं से गणना प्रपत्र भरना अनिवार्य है। मतदाता चाहे अपने पुश्तैनी गांव में मतदान करना चाहते हों या वर्तमान निवास पर—निर्णय केवल वही मान्य होगा, जहां उनका नाम वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज है।
फील्ड पर तैनात बीएलओ और सुपरवाइजरों को जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए हैं कि फॉर्म वितरण और संकलन में कोई लापरवाही न हो। किसी भी प्रकार की चूक पाए जाने पर विभागीय कार्यवाही तय है।
उन्होंने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के उन व्यक्तियों को आगाह किया जो अन्य राज्यों में पहले से मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं—ऐसे लोग यूपी में ईएफ नहीं भर सकते। SIR अभियान का मुख्य उद्देश्य दोहरे नाम हटाना, मृत मतदाताओं की प्रविष्टि मिटाना, और मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि ईएफ भरने में बीएलओ का सहयोग करें तथा अपनी 2003 मतदाता सूची में प्रविष्टि की जांच CEO उत्तर प्रदेश और ECI की आधिकारिक वेबसाइट पर अवश्य कर लें।
उन्होंने कहा—“सही जानकारी देना हर मतदाता का कर्तव्य है। दोहरी प्रविष्टियां लोकतंत्र को कमजोर करती हैं और कानून का उल्लंघन भी हैं।”
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर के लिए यह विशेष रिपोर्ट।
